मुंबई एयरपोर्ट पर बुलेटप्रूफ कार में नजर आए सलमान खान, गैंगस्टर की धमकी के बाद खरीदी!
By: Pinki Tue, 02 Aug 2022 12:30:24
जान से मारने की धमकी भरा लेटर मिलने के बाद से ही बॉलीवुड स्टार सलमान खान की सिक्योरिटी टाइट रखी गई है। मुंबई पुलिस ने एक्टर को हथियार रखने का लाइसेंस जारी कर दिया है। गैंगस्टर की धमकी के बाद सलमान खान ने गन लाइसेंस के लिए अप्लाई किया था। 22 जुलाई को सलमान खान इस संदर्भ में मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर से मिले थे। जिसके बाद एक्टर को हथियार का लाइसेंस जारी किया गया। अब खबर आ रही है कि सलमान खान ने नई बुलेटप्रूफ गाड़ी भी खरीद ली है।
बुलेटप्रूफ गाड़ी में दिखे सलमान
दरअसल, सोमवार रात सलमान खान को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। एयरपोर्ट पर सलमान ने टोयोटा लैंड क्रूजर (Toyota Land Cruiser SUV) में स्वैग से एंट्री मारी। ये बुलेटप्रूफ गाड़ी है जिसकी कीमत 1.5 करोड़ बताई गई है। सलमान खान की इस गाड़ी में 4461 सीसी का इंजन लगा है जिसकी पावर 262 बीएचपी है। ये SUV सिर्फ एक ही वेरिएंट में उपलब्ध है जो कि पूरी तरह से बुलेटप्रूफ है। इसकी खिड़की के किनारों पर एक मोटा बॉर्डर भी है जिसके बाद ये कार पूरी तरह से आर्मर्ड और बुलेटप्रूफ हो चुकी है।
एयरपोर्ट पर सलमान खान पिंक शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में नजर आए। सलमान खान के हैंडसम लुक पर उनके फैंस हमेशा की तरह क्रेजी हो रहे हैं। एयरपोर्ट पर सलमान की सिक्योरिटी काफी टाइट नजर आई। सलमान खान को मिली जानलेवा धमकी ने बॉलीवुड गलियारों में हलचल मचा दी है।
बता दे, सलमान के पिता सलीम खान को मॉर्निंग वॉक के दौरान बेंच पर धमकी भरा लेटर रखा मिला था। लेटर में लिखा था- तुम्हारा मूसेवाला जैसा हाल कर देंगे। ये लेटर मिलने के बाद सलीम खान पुलिस के पास गए और FIR दर्ज कराई। पुलिस पूरी मुस्तैदी से सलमान खान केस को लेकर एक्टिव है।